100 फीट रोड अतिक्रमण मुक्त
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
हाईकोर्ट के आदेश पर जेडीए ने सोमवार को गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर जाने वाली 100 फीट रोड पर बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की। करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में सड़क सीमा से चबूतरे, सीढ़ियां और अन्य अतिक्रमण जेसीबी से हटाकर सड़क को मुक्त कराया गया।
जयपुर, 5 अक्टूबर। माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की प्रवर्तन शाखा ने सोमवार को जोन-सी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर जाने वाली 100 फीट रोड की सड़क सीमा को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
उप महानिरीक्षक पुलिस जेडीए आनन्द शर्मा के निर्देशन में प्रवर्तन दल ने करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान सड़क सीमा में बनाए गए चबूतरे, सीढ़ियां और अन्य अवैध निर्माण जेसीबी मशीनों तथा मजदूरों की सहायता से ध्वस्त किए गए।
जेडीए की इस कार्रवाई के बाद सड़क सीमा को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल और स्थानीय पुलिस जाप्ते की तैनाती रही। साथ ही संबंधित जोन के राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ ने भी प्रवर्तन दल का सहयोग किया। कार्रवाई प्रवर्तन शाखा के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी की गई।