105 उपभोक्ताओं ने सोलर रूफटॉप के लिए कराया पंजीयन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने नागरिकों को अपने घरों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने के लिए आगे आने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर उपभोक्ता बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा दे सकते हैं। नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ला ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों को सौर ऊर्जा से रोशन करें तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के प्रसार में सहभागी बनें।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होकर प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी हितधारकों के सहयोग की सराहना करते हुए हरित ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार एवं सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामलीला मैदान, मेहगांव में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, सब्सिडी एवं सोलर रूफटॉप संयंत्र की स्थापना से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिविर के दौरान 105 उपभोक्ताओं ने सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापना के लिए पंजीयन कराया, जो क्षेत्र में सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं रुचि का परिचायक है।
🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत
सौर ऊर्जा अपनाने से न केवल बिजली बिल घटता है, बल्कि यह हमारे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी भी दर्शाता है। हर घर पर सोलर रूफटॉप लगाने से ग्रीनहाउस गैस कम होती है, हवा साफ रहती है और ऊर्जा स्वतंत्रता बढ़ती है। यह कदम हमें भविष्य के लिए एक स्वच्छ, स्वस्थ और आर्थिक रूप से सुदृढ़ समाज की ओर ले जाता है। आइए, मिलकर हर घर को सूर्य की रोशनी से रोशन करें और एक हरित भारत का निर्माण करें।