11 झांकियों से सजेगा बिस्टान का शिवडोला, शाही अंदाज में निकलेगा नगर भ्रमण

20 से अधिक सेवा स्टॉल बनेंगे आकर्षण का केंद्र, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर चर्चा
खरगोन/बिस्टान। खरगोन जिले के बिस्टान में इस बार 2 सितंबर को अर्धनारीश्वर महादेव का शिवडोला भव्य स्वरूप में नगर भ्रमण पर निकलेगा। तिथियों के घट-बढ़ के कारण इस बार शिवडोला भादौ बदी पंचमी के स्थान पर छठ को निकाला जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शिवडोले में पौराणिक एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित करीब 11 झांकियां शामिल होंगी, जबकि साउंड सिस्टम भी यात्रा का हिस्सा रहेगा। शिवडोला आयोजन को लेकर सोमवार शाम बिस्टान थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासन, पुलिस, बिजली विभाग, नगर परिषद, शिवडोला समिति और झांकी आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में आगामी आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर
बैठक में शिवडोला के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से शिवडोला मार्ग का निरीक्षण करने का निर्णय लिया गया।
अधिकारियों ने मार्ग में मौजूद अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली के लटकते तारों को दुरुस्त करने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने और सफाई व्यवस्था बेहतर रखने पर भी जोर दिया गया।
20 से अधिक सेवा स्टॉल होंगे स्थापित
आयोजन समिति के पदाधिकारियों के अनुसार विभिन्न संगठनों की ओर से झांकियों के लिए लगातार प्रविष्टियां प्राप्त हो रही हैं। आवश्यक अनुमति के बाद झांकियों को शिवडोले में शामिल किया जा रहा है। शिवडोला मार्ग पर 20 से अधिक सेवा स्टॉल लगाए जाएंगे।
इन स्टॉलों पर विभिन्न सामाजिक एवं सेवाभावी संस्थाओं की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी एवं अन्य सेवाओं की व्यवस्था की जाएगी। धार्मिक झांकियों और सेवा स्टॉलों के कारण इस बार शिवडोला नगरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है।
शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन से जुड़े सभी लोगों और नगरवासियों से त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि आयोजन के दौरान प्रशासन, पुलिस और आयोजन समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में भगवानपुरा तहसीलदार संजय चौहान, थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत, नगर परिषद के नरेन्द्र परिहार, बिजली विभाग के कर्मचारी, शिवडोला समिति के सदस्य और झांकी आयोजन समिति के प्रतिनिधि मौजूद रहे।