8 से पहले और 11 के बाद न निकले ढक्कन'...:सागर में कर्मचारियों को धमकाते नजर आए आरक्षक, गाली-गलौज की ऑडियो भी सामने आई
सागर के सानौधा थाना क्षेत्र की शाहपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाली शराब दुकान पर पुलिसकर्मियों के हंगामे का कथित CCTV फुटेज सामने आया है। 16 अगस्त की रात का बताया जा रहा यह फुटेज शराब दुकान के बाहर का है। इसमें कुछ पुलिसकर्मी दुकान के कर्मचारियों से बहस करते और धौंस दिखाते नजर आ रहे हैं। CCTV फुटेज के साथ सामने आई वॉइस रिकॉर्डिंग में एक आरक्षक कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों को धमकाता सुनाई दे रहा है। CCTV में दुकान के बाहर नजर आए पुलिसकर्मी सामने आए CCTV फुटेज में शराब दुकान के बाहर कुछ पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में पुलिसकर्मियों और दुकान कर्मचारियों के बीच बातचीत और विवाद जैसी स्थिति नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पुलिसकर्मी द्वारा दुकान कर्मचारियों से कथित तौर पर बहस की गई और उन्हें चौकी तथा पुलिस की धौंस दिखाई गई। ऑडियो में ‘सेठ को बुलाओ’ कहते सुनाई दिया आरक्षक CCTV के साथ सामने आई वॉइस रिकॉर्डिंग में एक आरक्षक कथित तौर पर कहता सुनाई दे रहा है कि ‘तुम लोगों को नहीं पता कि चौकी में कौन है और कौन नहीं।’ इसके बाद वह कथित तौर पर दुकान कर्मचारियों से ‘सेठ को बुलाओ’ कहता है। रिकॉर्डिंग में एक-एक क्वार्टर के लिए फोन करने और पैसे देने को लेकर भी बातचीत सुनाई दे रही है। वहीं रिकॉर्डिंग में ‘8 से पहले और 11 के बाद ढक्कन न निकल जाए कलाली से’ जैसी बात भी कथित तौर पर कही गई है। कर्मचारियों ने फोन पर कराई किसी से बात फुटेज में नजर आ रहा है कि दुकान के बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के बीच बातचीत के बाद शराब दुकान के कर्मचारियों ने फोन पर आरक्षक की किसी व्यक्ति से बात कराई। हालांकि, पूरे विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और बातचीत किस संदर्भ में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया संज्ञान CCTV फुटेज और वॉइस रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया है। पुलिस स्तर पर फुटेज में दिखाई दे रहे कर्मचारियों और पूरे घटनाक्रम को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई की जाएगी। चौकी प्रभारी बोले- शिकायत नहीं मिली मामले को लेकर शाहपुर चौकी प्रभारी का कहना है कि अब तक इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि CCTV फुटेज सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मामले को संज्ञान में लिया गया है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि शराब दुकान पर पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और CCTV में सामने आए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
📡 स्रोत: NewsData.io