अपराध

12 मुकदमों का अपराधी 6 महीने के लिए जिला बदर:सहारनपुर में पुलिस ने मुनादी कराकर शामली बॉर्डर पर छोड़ा

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 4 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
12 मुकदमों का अपराधी 6 महीने के लिए जिला बदर:सहारनपुर में पुलिस ने मुनादी कराकर शामली बॉर्डर पर छोड़ा

सहारनपुर की थाना मंडी पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल एक शातिर अपराधी को कोर्ट के आदेश पर छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया। रविवार सुबह 11 बजे पुलिस ने आरोपी के मोहल्ले में डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई और लोगों को उसके जिला बदर किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी को सहारनपुर-शामली बॉर्डर पर छोड़कर जिले की सीमा से बाहर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा के मुताबिक डीएम और एसएसपी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने शाहनवाज पुत्र बहार निवासी पीर वाली गली नंबर-8, थाना मंडी को जिला बदर आदेश की जानकारी देते हुए नोटिस तामील कराया। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।

पुलिस ने मुनादी के बाद शाहनवाज को छह महीने तक सहारनपुर जिले में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी। उसे शामली बॉर्डर पर छोड़ते हुए चेतावनी दी गई कि यदि उसने जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश किया तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक शाहनवाज के खिलाफ वर्ष 2024 में जनकपुरी, कोतवाली नगर, मंडी और सदर बाजार थानों में चोरी, चोरी का माल रखने और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

उसके खिलाफ 2025 में थाना सदर बाजार में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शाहनवाज के खिलाफ कुल 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बीएनएस की धाराओं के साथ-साथ आईपीसी की धाराओं और गैंगस्टर एक्ट की धाराएं शामिल हैं।

जिला बदर की कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई सुशील पंवार और हेड कांस्टेबल विकल सोम शामिल रहे।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।