12 साल से घर के आधिपत्य का इंतजार खत्म, जनविश्वास अभियान में पिंक सिटी के दो परिवारों को मिली राहत

भोपाल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कोलार तहसील और नगर निगम के जोन-19 में विशेष कॉलोनी सेल जनसुनवाई शिविर लगाया गया। शिविर में वर्षों से लंबित मामलों के समाधान के साथ नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाया गया। 12 साल बाद मिला घर का आधिपत्य
जनसुनवाई में पिंक सिटी कॉलोनी के दो परिवारों ने बताया कि वे 12 वर्षों से अपने आवास का आधिपत्य पाने के लिए परेशान थे। प्रशासन ने बिल्डर को मौके पर बुलाकर परिवारों से सीधी चर्चा की और उसी दिन दोनों परिवारों को उनके आवास का आधिपत्य दिलाया। कॉलोनियों की समस्याओं पर भी निर्देश
माय सिटी कॉलोनी में बिजली आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर बिल्डर को दो माह के भीतर जरूरी अधोसंरचनात्मक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। सर्वजन गृह निर्माण सोसायटी के रहवासियों की शिकायतों का भी तत्काल निराकरण कराया गया।
वहीं, मंदाकिनी गृह निर्माण सोसायटी में लंबे समय से लंबित निर्वाचन प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के लिए वैधानिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए। राजस्व से लेकर आयुष्मान कार्ड तक सेवाएं शिविर में सीमांकन से जुड़े मामलों पर राजस्व निरीक्षक और पटवारी को तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, किसान आईडी, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन से जुड़े आवेदनों का भी प्राथमिकता से निराकरण किया गया। विधायक रामेश्वर शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और एडीएम सुमित पांडे ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों को मामलों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। प्रशासन के मुताबिक, कोलार क्षेत्र के तेजी से विस्तार को देखते हुए सुनियोजित विकास और नागरिकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ऐसे जनसुनवाई शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।