15 करोड़ की लागत से बन रहे पीएचसी भवन शोघी का कार्य 9 माह में होगा पूर्ण: विक्रमादित्य सिंह
अगस्त 17, शिमला (हिमाचल प्रदेश): लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन शोघी का निर्माण कार्य आगामी 9 महीने के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा जिस पर 15 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे है। विक्रमादित्य सिंह आज शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शोघी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण करने के दौरान जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह ने किया था लेकिन पिछले दिनों इसके निर्माण की गति धीमी पड़ गई थी। अब पुनः निर्माण कार्य ने गति पकड़ी है जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को शीघ्र अति शीघ्र इस भवन का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी और इस स्वास्थ्य केंद्र में ट्रामा सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर मरीज को त्वरित स्वास्थ्य उपचार मिल सके। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने शोघी पंचायत भवन में शोघी, आनंदपुर, कोट, थड़ी, जलेल तथा बढ़ाई पंचायतों के लिए आयोजित 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की हर पंचायत का विकास करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इलाके के विकास में बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार ही सरकारी भवनों के निर्माण किए जाएंगे, व्यर्थ में बिना जरूरत के कोई भी विभागीय भवन नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शोघी पंचायत के विकास के लिए पिछले प्रधान के कार्यकाल के दौरान विधायक निधि को मिलाकर 32 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है और इसी तरह थड़ी पंचायत के विकास के लिए 16 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में 11 करोड रुपए के विकास कार्य जारी हैं। सड़कों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि धार सड़क के लिए 15 लाख रुपए, आनंदपुर से कोल्हापुर सड़क के लिए 15 लाख रुपए, फायल से दौती सड़क के लिए 12 लाख रुपए तथा तारा देवी मंदिर की सड़क की चौड़ाई वह पक्का करने के लिए 01 करोड़ 18 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने शोघी स्कूल को सीबीएसई स्कूल का दर्जा मिलने के लिए क्षेत्र वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्कूल में अध्यापकों के रिक्त पदों को शीघ्र भर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शोघी में शीघ्र ही बिजली बोर्ड का सब-स्टेशन संचालित किया जाएगा जिसके लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही है। उन्होंने कहा कि इलाके के अन्दर बसों की किल्लत हमेशा बनी रहती है जिसे खत्म करने के लिए उप-मुख्यमंत्री से चर्चा कर शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए 30 नई इलेक्ट्रिक स्वीकृत करवाई गई है जिसमें से पिछले दिनों 18 नई इलेक्ट्रिक बसों को बस अड्डा शिमला से इलाके के विभिन्न क्षेत्रों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया गया है जोकि नियमित रूप से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही अन्य 12 नई इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाकर विभिन्न रूटों पर रवाना कर दिया जाएगा जिसमें शोघी इलाके का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शोघी में बस अड्डा बनाने एवं सब डिपो बनाने के लिए स्थल के चयन की प्रक्रिया जारी है ताकि बस अड्डे के साथ-साथ एचआरटीसी का सब डिपो खोला जा सके। सब डिपो खुलने से शाही तथा आसपास के क्षेत्र के लिए शोघी शहर से ही बसों के रूट भेजे जा सके। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों की बस रूटों की काफी पुरानी मांग को देखते हुए शोघी के अंदर मुद्रिका बस भी शीघ्र चलाई जाएगी ताकि शोघी के आसपास के लोगों को बस सुविधा नियमित रूप से मिल सके। 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम में शोघी सहित आसपास की सभी छः पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं आम-जनमानस ने भी सड़क, बिजली, पेयजल तथा ग्रामीण विकास से संबंधित समस्याएं रखी। कैबिनेट मंत्री ने सभी की समस्याएं धैर्य पूर्वक सुनी और सकारात्मक सोच रखते हुए कुछ समस्याओं का स्वयं निर्णय लेकर मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया और अन्य समस्याओं के निवारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि शोघी बस अड्डे पर रेलवे स्टेशन साइड भी एक बड़े स्तर का रेन शेल्टर बनाया जाएगा तथा लोगों को सड़क पार करने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने शोघी-थड़ी-सालाना संपर्क सड़क तथा फ़ायल रामपुरी वाया मथोली संपर्क सड़क का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने फ़ायल रामपुरी वाया मथोली संपर्क सड़क के निर्माण में आ रही दिक्कतों को सुलझाने के लिए स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपस में इकट्ठे बैठकर आपस में चर्चा करने और समाधान निकालने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को घर द्वार पर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके। इसके पश्चात, विक्रमादित्य सिंह शागीन स्थित माहूनाग मंदिर में नाग पंचमी मेले में भी शामिल हुए और पूजा अर्चना कर माहूनाग महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।