16 रुपये की सेल का ऑफर देने वाले 2 गिरफ्तार:ढाई घंटे पहले से जुटने लगी थी भीड़,रईस आलम ने लोगों पर हुड़दंग मचाने का लगाया आरोप
कानपुर के अनवरगंज की आलम मार्केट में 15-16 अगस्त की रात 16 रुपये की सेल के दौरान मची भगदड़ के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार शाम मैकूलाल चौराहे के पास से सलमान आलम और रईस आलम को गिरफ्तार किया। इधर, घटना में घायल लोगों के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में चश्मदीद ने पूरी घटना बताई कि आखिर रात में कुछ ही मिनटों में हालात कैसे बेकाबू हो गए। नौबस्ता से आलम मार्केट पहुंचे प्रांजुल वाजपेयी भी भगदड़ की चपेट में आ गए। उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर पर भी चोट आई है। प्रांजुल ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली थी कि आलम मार्ट में 16 मिनट के लिए 16 रुपये में कपड़े और अन्य सामान मिल रहा है। इसी ऑफर के लिए खरीदारी करने के लिए वह आलम मार्केट पहुंचे थे। भगदड़ से लोग हुए घायल उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद भीड़ लगातार बढ़ती गई। देखते ही देखते सड़क पर लोगों की संख्या इतनी ज्यादा हो गई कि निकलना मुश्किल हो गया। इसी दौरान पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठियां पटकनी शुरू कर दीं। पुलिस की कार्रवाई के बाद लोग अचानक इधर-उधर भागने लगे। इसी वजह से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग गिरकर घायल हो गए, जबकि कई लोग पुलिस की लाठी से घायल हुए हैं। प्रांजुल भी इसी दौरान चोटिल हुए। देखिए 3 तस्वीरें... ढाई घंटे पहले से जुटने लगी थी भीड़ जिस ऑफर को रात 11 बजकर 59 मिनट से शुरू करने का ऐलान किया गया था, उसके करीब ढाई घंटे पहले से ही आलम मार्केट में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। रईस आलम ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भीड़ की स्थिति बताई थी। वीडियो में वह रात करीब 9 बजकर 30 मिनट का समय बताकर यह कहते नजर आ रहा है कि दूर-दूर से लोग आ गए हैं और पूरी रोड जाम हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि जब रात साढ़े नौ बजे ही हजारों लोगों के पहुंचने और सड़क जाम होने की जानकारी सामने आ गई थी, तो पुलिस और रईस आलम ने समय रहते भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजाम क्यों नहीं किए। कुछ देर बाद रईस आलम ने वहां मौजूद लोगों को कोल्ड ड्रिंक भी बांटी। भगदड़ के बाद कारोबारी ने जारी किया वीडियो इस घटना के बाद रईस आलम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने भीड़ पर ही हुड़दंग मचाने का आरोप लगाया और लोगों से घर जाने की अपील की। कहा कि उन्होंने लोगों के लिए इतना अच्छा इंतजाम किया था, लेकिन भीड़ ने हुड़दंग कर दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि वह सभी को गिफ्ट देंगे और इस बार किसी से पैसे भी नहीं लिए जाएंगे। इधर, सोशल मीडिया पर कई लोग अपने वीडियो जारी कर घटना में लगी चोटें दिखा रहे हैं। किसी के हाथ में चोट आई है तो किसी के सिर और पैर में चोट लगी है। 16 मिनट में 16 रुपये में कपड़े देने का ऑफर दरअसल, आलम मार्केट में रईस आलम का आलम मार्ट नाम से कपड़ों का शोरूम है। 16 अगस्त को जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स से वीडियो बनवाकर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपलोड कराए गए थे। वीडियो में 15 अगस्त की रात 11 बजकर 59 मिनट से 16 मिनट तक 16 रुपये में कपड़े देने का दावा किया गया था। वीडियो में रईस आलम ने ऑफर को लेकर कहा था कि यह उनके बर्थडे का रिटर्न गिफ्ट होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि इस बार का ऑफर ऐसा होगा कि पूरे शहर में बवाल मच जाएगा। वीडियो में जींस, जूते, टी-शर्ट और चश्मे समेत कई सामान 16 रुपये में देने की बात कही गई थी। सोशल मीडिया पर ऑफर वायरल होने के बाद लोग बड़ी संख्या में आलम मार्ट पहुंचने लगे। रात करीब साढ़े 11 बजे तक शोरूम के बाहर करीब 2500 से ज्यादा लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ बढ़ती देख दुकानदार ने शोरूम का शटर गिरा दिया। इससे लोग नाराज हो गए और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। आसपास की सड़क पर जाम लग गया और ट्रैफिक व्यवस्था भी बिगड़ गई। पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को खदेड़ा सूचना मिलने पर एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह समेत थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से घर जाने की अपील की। इसके बावजूद भीड़ मौके से हटने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ना शुरू किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद लोग तेजी से इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कई लोग घायल हो गए। मौके पर बड़ी संख्या में चप्पलें भी बिखरी मिलीं।
📡 स्रोत: NewsData.io