16वीं राजस्थान विधानसभा का छठा सत्र कल से, सत्ता पक्ष-विपक्ष ने बनाई रणनीति
जयपुर, 19 अगस्त। 16वीं राजस्थान विधानसभा का छठा सत्र गुरुवार से शुरू होगा। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी। करीब पांच दिन चलने वाले मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक और संशोधन विधेयक सदन में पेश किए जाने की संभावना है।
सत्र के दौरान राजस्थान समान नागरिक संहिता विधेयक-2026 और राजस्थान वृक्ष संरक्षण विधेयक सहित वाणिज्य कर और अन्य संशोधन विधेयक सदन में रखे जा सकते हैं। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपने-अपने विधायकों के साथ बैठक कर रणनीति पर चर्चा की।
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्वदलीय बैठक हुई थी। बैठक में सदन के संभावित कामकाज और कार्यवाही को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने को लेकर चर्चा हुई। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि राजस्थान विधानसभा का पांचवां सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर 10 मार्च तक चला था।