खेल

20 से 22 अक्तूबर तक जुन्गा में धूमधाम से सजेगा दशहरा मेला: कार्तिकेय शर्मा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
20 से 22 अक्तूबर तक जुन्गा में धूमधाम से सजेगा दशहरा मेला: कार्तिकेय शर्मा

अक्तूबर 07, शिमला (हिमाचल प्रदेश): क्योंथल क्षेत्र का प्राचीन एवं प्रसिद्ध जिला स्तरीय दशहरा मेला इस वर्ष 20 से 22 अक्तूबर तक जुन्गा में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। मेले में परंपरागत ढंग से लंका दहन, सांस्कृतिक संध्याएं, खेलकूद प्रतियोगिताएं और विशाल दंगल मुख्य आकर्षण रहेंगे। मेले को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

मेला समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए तहसीलदार जुन्गा एवं मेला अधिकारी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा के खेल मैदान में मेला आयोजित करने के लिए उच्च न्यायालय से अनुमति के लिए पत्राचार किया गया है। अनुमति मिलने पर पूर्व की भांति स्कूल मैदान में ही मेला आयोजित किया जाएगा।

यदि अनुमति नहीं मिलती है तो प्रशासन द्वारा अन्य उपयुक्त स्थल की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने बताया कि दशहरा मेले के अवसर पर जुन्गा तहसील में 21 और 22 अक्तूबर को स्थानीय अवकाश रहेगा। परंपरा के अनुसार राजमहल से भगवान रघुनाथ की पालकी को वाद्य यंत्रों के साथ शोभायात्रा के रूप में मेला स्थल तक लाया जाएगा।

इसमें क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ-साथ सैकड़ों स्थानीय लोग भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान क्योंथल रियासत की प्राचीन परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों में अग्नि लगा कर लंका दहन किया जाएगा। मेला अधिकारी ने बताया कि मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

स्टार नाइट के अलावा स्थानीय स्कूलों, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों को भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। मेले के अंतिम दिन 22 अक्तूबर को विशाल दंगल आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्तरी भारत के नामी पहलवानों के भाग लेने की संभावना है। इसके अलावा कबड्डी सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं करवाने पर भी विचार किया जा रहा है।

तहसीलदार कार्तिकेय शर्मा ने जुन्गा क्षेत्र की जनता और विभिन्न पंचायतों से इस पारंपरिक मेले के सफल आयोजन के लिए उदारतापूर्वक अंशदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध होने से मेले को और अधिक आकर्षक एवं भव्य बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।

मेला स्थल पर पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। बैठक में नायब तहसीलदार राजेंद्र ठाकुर, जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा के प्रधानाचार्य महेश शर्मा, बीडीसी सदस्य सीमा सेन, पंकज सेन, स्थानीय पंचायत प्रधान रामलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जुन्गा तहसील की विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।