2040 तक 1 ट्रिलियन डॉलर का केमिकल सेक्टर बनाने का लक्ष्य: जेपी नड्डा

अगस्त 25, नई दिल्ली: भारत को वैश्विक रसायन विनिर्माण और नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में सरकार और उद्योग जगत के बीच एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य देश के रसायन क्षेत्र को वर्ष 2040 तक 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की रणनीति पर काम करना है।बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ-साथ देश-विदेश की 30 से अधिक प्रमुख रसायन कंपनियों के 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश को बढ़ावा देने, पेट्रोलियम, रसायन और पेट्रो रसायन निवेश क्षेत्रों को प्रमुख विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने और अनुसंधान एवं विकास (R&D) को प्रोत्साहित करने के संबंध में अपने सुझाव साझा किए।मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि 1 ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर निवेश और मजबूत घरेलू विनिर्माण क्षमता जरूरी है, और सरकार उद्योग की समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई करेगी।
वहीं, अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सरकार अब केवल नियम लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि उद्योग की सक्रिय विकास भागीदार के रूप में कार्य कर रही है। फोटो: X/JPNadda