राज्य

22 साल बाद फिर बनी जिला आकांक्षा समिति

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
22 साल बाद फिर बनी जिला आकांक्षा समिति

सुल्तानपुर में महिलाओं और बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिला आकांक्षा समिति का करीब 22 साल बाद पुनर्गठन किया गया है। समिति की अध्यक्ष और जिलाधिकारी की पत्नी मनजोत कौर की अध्यक्षता में रविवार को बैठक हुई। इसमें समिति के नए सदस्यों ने हिस्सा लिया।बैठक में बताया गया कि समिति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं का लाभ दिलाना है।

खासतौर पर गरीब और जरूरतमंद महिलाओं व बालिकाओं तक सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने पर ध्यान दिया जाएगा।समिति की बैठक में वंचित महिलाओं और किशोरियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्णय लिया गया। शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाएगा।

जरूरत के अनुसार काउंसलिंग की सुविधा देने की भी योजना है।

किशोरियों और युवा महिलाओं के लिए ‘किशोरी मंच’ शुरू किया जाएगा। इस मंच पर वे अपनी समस्याओं, चुनौतियों और अन्य जरूरी विषयों पर सुरक्षित माहौल में खुलकर बात कर सकेंगी।समिति के कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) की छात्राओं को भी शामिल किया जाएगा। उनके शिक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।समिति में जिला स्तरीय अधिकारियों की पत्नियों के साथ सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं को भी सदस्य बनाया गया है। समिति का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करना है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।