राजनीति

23 सितंबर को आरक्षण की लॉटरी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
23 सितंबर को आरक्षण की लॉटरी

जिला कलक्ट्रेट सभागार में सुबह 11 बजे होगा आरक्षण निर्धारण, 24 सितंबर को पंचायत स्तर पर सरपंच-पंच पदों की लॉटरी

खैरथल-तिजारा, 22 सितंबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को लेकर जिले में आरक्षण एवं पदों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति प्रधान एवं सदस्यों के पदों के लिए अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) एवं महिलाओं के लिए श्रेणीवार आरक्षण का निर्धारण 23 सितंबर को किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंचायत समिति प्रधान, पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्यों के पदों के लिए आरक्षण का निर्धारण एवं आवंटन 23 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तर पर किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से संबंधित पदों के लिए आरक्षण तय किया जाएगा।

इसी क्रम में जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए श्रेणीवार आरक्षण एवं आवंटन 24 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे संबंधित उपखंड अधिकारी मुख्यालय पर किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। प्रशासन के अनुसार लॉटरी प्रक्रिया के दौरान संबंधित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की उपस्थिति में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

आरक्षण लॉटरी के बाद पंचायत चुनाव 2026 में विभिन्न पदों के लिए आरक्षित एवं अनारक्षित क्षेत्रों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इससे चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों और स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियों को भी दिशा मिलेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।