231 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सनातन सामग्री देकर किया जाएगा सम्मानित लगभग 14 जिलों के विद्यार्थी होंगे शामिल, शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति से जोड़ने की पहल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 2 सितंबर 2026। सर्व ब्राह्मण समाज के विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से “राम का आधार—रामायण प्रतिभा सम्मान समारोह 2026” का आयोजन 6 सितंबर, रविवार को श्री परशुराम मंदिर, शिवाजी नगर, भोपाल में किया जाएगा।
समारोह का आयोजन श्री भृगु भार्गव ब्राह्मण समाज मध्यप्रदेश 1966 एवं परशुराम कल्याण बोर्ड, मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। समारोह में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के 231 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। इसमें भोपाल सहित लगभग 14 जिलों के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक रहेगा। आयोजन की विशेषता यह है कि विद्यार्थियों को केवल सम्मान-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा, बल्कि उन्हें सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक जीवन-मूल्यों से जोड़ने वाली सामग्री भी प्रदान की जाएगी।
विद्यार्थियों को रुद्राक्ष माला, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा, संध्या पद्धति, संकटमोचन गणेश स्तोत्र तथा “सबके राम, सबके श्याम, सबके परशुराम—जय छींद” का चित्र प्रदान किया जाएगा।
डॉ. अनिल भार्गव (वायु), प्रदेश महासचिव ने बताया कि आज के समय में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ने के साथ-साथ अपनी भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं, संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और मर्यादा का महान ग्रंथ है।
रामायण हमें माता-पिता का सम्मान, गुरु के प्रति श्रद्धा, भाईचारा, त्याग, सेवा, सत्य, संयम और कर्तव्य का मार्ग दिखाती है। डॉ. भार्गव ने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी जितनी आधुनिक शिक्षा प्राप्त करे, उतना ही उसका अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ाव मजबूत होना चाहिए।
शिक्षा व्यक्ति को ज्ञान देती है, जबकि संस्कार उसे उस ज्ञान का सही उपयोग करना सिखाते हैं। संस्कारवान और चरित्रवान विद्यार्थी ही आगे चलकर श्रेष्ठ परिवार, सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि “शिक्षा के साथ संस्कार, प्रतिभा के साथ संस्कृति और आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़ाव” इस आयोजन का मूल उद्देश्य है।
विद्यार्थियों को सनातन साहित्य और धार्मिक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास इसी दिशा में एक सार्थक पहल है, जिससे उनमें भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव और अपनी परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो।
आयोजकों ने सर्व ब्राह्मण समाज के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रतिभावान बच्चों का उत्साहवर्धन करने तथा इस सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है। कार्यक्रम: राम का आधार—रामायण प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 दिनांक: 6 सितंबर 2026, रविवार
समय: दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक स्थान: श्री परशुराम मंदिर, शिवाजी नगर, भोपाल आयोजक: डा अनिल भार्गव (वायु) प्रदेश महासचिव श्री भृगु भार्गव ब्राह्मण समाज मप्र 1966