24 अगस्त को भोपाल में ‘समृद्ध मध्यप्रदेश@2047’ पर राज्य स्तरीय कॉन्क्लेव
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में 24 अगस्त को ‘समृद्ध मध्यप्रदेश@2047’ को लेकर राज्य स्तरीय कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान की ओर से आयोजित कॉन्क्लेव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजे करेंगे।
कार्यक्रम की थीम ‘वन इंस्टीट्यूट–वन प्रॉमिस’ रखी गई है। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ‘समृद्ध मध्यप्रदेश@2047’ पर मुख्य वक्तव्य देंगे। संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित विशेष संबोधन करेंगे, जबकि मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. संतोष कुमार विश्वकर्मा कॉन्क्लेव की पृष्ठभूमि और संदर्भ प्रस्तुत करेंगे।
दूसरे सत्र में ‘इन्क्लूसिव इकोनॉमिक ग्रोथ एंड सोशल एम्पावरमेंट फॉर समृद्ध मध्यप्रदेश@2047’ विषय पर चर्चा होगी और आगामी कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा।
कॉन्क्लेव में आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर, आईआईएसईआर भोपाल, एमएएनआईटी भोपाल, एम्स भोपाल, एनएफएसयू भोपाल, डीआरडीओ, इसरो सहित 130 से अधिक संस्थानों की सहभागिता प्रस्तावित है।
राज्य के 59 केंद्रीय संस्थानों, 26 राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों, 11 शासकीय इंजीनियरिंग और 19 शासकीय मेडिकल कॉलेजों, 8 शोध संस्थानों तथा 9 चयनित निजी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कॉन्क्लेव का प्रमुख आकर्षण ‘वन इंस्टीट्यूट–वन प्रॉमिस’ पहल होगी।
इसके तहत संस्थान मध्यप्रदेश की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप एक सार्थक और क्रियान्वयन योग्य संकल्प के लिए प्रतिबद्धता देंगे।
विभिन्न विभाग अपनी विकास प्राथमिकताएं और चुनौतियां साझा करेंगे, ताकि संस्थानों की विशेषज्ञता और राज्य की जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल बनाया जा सके।दीर्घकालिक संस्थागत साझेदारी को मजबूत करने के लिए सुशासन संस्थान और केंद्रीय संस्थानों के बीच एमओयू भी किए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य सरकार, शिक्षा, अनुसंधान, उद्योग और नवाचार के बीच मजबूत इकोसिस्टम विकसित करना है।