25 अगस्त से झारखंड में शुरू होगा ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ अभियान

Relevance: PRIORITY Slug: HOME TO ROLE VERIFICATION Title: 25 अगस्त से झारखंड में शुरू होगा ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ अभियान Synopsis: 25 अगस्त से झारखंड में ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ अभियान होगा शुरू। बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और ‘एक परिवार-एक मतदान केंद्र’ पर दिया जाएगा जोर। Category: Elections , Planning
Deadline: 24 AUGUST , RANCHI 24 अगस्त, रांची: झारखंड में 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों का सत्यापन करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक ही परिवार और घर में रहने वाले पात्र मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों। साथ ही कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि बीएलओ 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के आधार पर घर-घर सत्यापन करेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, उनके लिए फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणापत्र जमा करने की प्रक्रिया में सहयोग दिया जाएगा।
सत्यापन के दौरान यह भी जांच की जाएगी कि परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में तो दर्ज नहीं हैं। ऐसी स्थिति में मतदाताओं को फॉर्म-8 के माध्यम से नाम को संबंधित मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने में सहायता दी जाएगी। इसका उद्देश्य ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ व्यवस्था को प्रभावी बनाना है।
झारखंड में सामान्य रूप से निवास करने वाले ऐसे मतदाता, जिनका नाम बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे भी फॉर्म-8 और निर्धारित घोषणापत्र के माध्यम से अपना नाम झारखंड के वर्तमान निवास वाले मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अभियान के दौरान परिवारों के घर पर ‘Family Together Sticker’ लगाने की भी पहल की जाएगी। इसके माध्यम से परिवार के सभी वयस्क एवं पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज होने की अपील की जाएगी। अभियान को 4 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से बीएलओ को सहयोग करने और अपने तथा परिवार के सदस्यों के मतदाता विवरण की जांच करने की अपील की है। युवा मतदाता ECINET के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सहायता के लिए ECINET के ‘Book a Call’ फीचर या टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 का उपयोग कर सकते हैं।