विदेश

अब 25 दिन में होगी एलपीजी रिफिल बुकिंग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अब 25 दिन में होगी एलपीजी रिफिल बुकिंग

अगस्त 08, कुल्लू (हिमाचल प्रदेश): जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, पवन कुमार ने बताया कि घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग के अंतराल में बदलाव किया गया है। अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ता पिछली रिफिल की बुकिंग/डिलीवरी के 25 दिन बाद अगली रिफिल बुक करवा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि फरवरी माह में पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान युद्ध तथा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में उत्पन्न संकट के कारण एलपीजी आपूर्ति को ध्यान में रखते हुए रिफिल बुकिंग का अंतराल शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन निर्धारित किया गया था। अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतराल 25 दिन निर्धारित किया गया है।

पवन कुमार ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं की 25 दिनों के अंतराल पर रिफिल बुकिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने गैस एजेंसियों से उपभोक्ताओं को संशोधित व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध करवाने तथा बुकिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे निर्धारित 25 दिन की अवधि पूरी होने के बाद ही अगली रिफिल की बुकिंग करवाएं और गैस से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।