राजनीति

29 अक्टूबर की स्वाभिमान रैली को सफल बनाने जुटेगा गुर्जर समाज: हरिश्चंद्र भाटी

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
29 अक्टूबर की स्वाभिमान रैली को सफल बनाने जुटेगा गुर्जर समाज: हरिश्चंद्र भाटी

भोपाल। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 29 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित गुर्जर महासभा की स्वाभिमान रैली को सफल बनाने के लिए समाज के पदाधिकारियों ने देशभर में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।

गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी एवं उनकी टीम ने भोपाल पहुंचकर समाज के लोगों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

सोमवार को टीटी नगर स्थित इंडियन कॉफी हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए हरिश्चंद्र भाटी ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली रैली में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि महासभा की टीम देश के विभिन्न हिस्सों में बैठकें और जनसंपर्क कर समाज के लोगों को रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रही है। यह अभियान कन्याकुमारी से कश्मीर और असम सहित विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।

महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हाकम सिंह गुर्जर ने बताया कि हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद दिल्ली लौट रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी एवं पदाधिकारियों का भोपाल में समाजजनों ने स्वागत किया।

इस दौरान मध्य प्रदेश में श्री देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष की शीघ्र नियुक्ति किए जाने की मांग भी उठाई गई। भोपाल गुर्जर समाज समिति के अध्यक्ष राम गुर्जर ने इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों को 20 सितंबर को आयोजित होने वाले श्री देवनारायण जयंती चल समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

इससे पहले राजा भोज विमानतल पर गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी और उनकी टीम का समाजजनों ने स्वागत किया।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह पटेल, युवा प्रदेश अध्यक्ष सोनू पहलवान, महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष संतोष, जितेंद्र कंसाना, राम गुर्जर, पूर्व अध्यक्ष जबर सिंह गुर्जर, अमर सिंह मावई, अशोक गुर्जर, जसवंत सिंह गुर्जर, विशाल सिंह गुर्जर, खुमान सिंह गुर्जर, जिला पंचायत सदस्य एवं पत्रकार हाकम सिंह गुर्जर, समाजसेवी गजेंद्र कसाना, विशंभर गुर्जर, भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुर्जर, मुरैना जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एसके सिंह, अवध नारायण गुर्जर, गौरव गुर्जर सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।