320 करोड़ के जरीब चौकी आरओबी का रास्ता हुआ साफ:900 मीटर सड़क की NOC जारी, जीटी रोड पर निर्माण शुरू करने की तैयारी
कानपुर में जरीब चौकी पर प्रस्तावित फोर लेन रेलवे एलिवेटेड ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जीटी रोड पर आरओबी निर्माण के लिए कुल 900 मीटर सड़क सेतु निगम को स्थानांतरित कर दी है। इसके लिए एनओसी भी जारी कर दी गई। अब सेतु निगम जीटी रोड पर सिविल निर्माण का काम शुरू करा सकेगा।
अनवरगंज-रावतपुर रेल मार्ग पर जरीब चौकी के पास बनने वाले इस रेलवे एलिवेटेड पुल के निर्माण के लिए लंबे समय से जीटी रोड पर एनओसी का इंतजार था।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार जयंत ने 14 अगस्त को एनओसी जारी करते हुए जरीब चौकी से गोल चौराहे की ओर 450 मीटर और अफीम कोठी चौराहे की ओर 450 मीटर लंबाई में सड़क सेतु निगम को सौंप दी है। इस तरह दोनों ओर कुल लंबाई 900 मीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए स्थानांतरित की गई है।
सेतु निगम ने पहले ही मृदा परीक्षण का काम शुरू करा चुका है। अब जीटी रोड पर भी निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
आरओबी के लिए 320.60 करोड़ का बजट स्वीकृत करीब 1769 मीटर लंबे इस आरओबी के निर्माण के लिए मार्च 2025 में 320.60 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। 22 मार्च 2025 को सेतु निगम को बजट की मंजूरी मिली, जबकि सितंबर 2025 में पहली किस्त के रूप में 112 करोड़ रुपये जारी किए गए थे।
अक्टूबर में ऋषिकेश की हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी को निर्माण का टेंडर दिया गया था। इसके बाद जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्माण कार्य के लिए पूजन भी कराया गया था। 22.30 करोड़ से सीवर लाइन शिफ्टिंग आरओबी निर्माण से पहले जल निगम कालपी रोड पर सीवर लाइन की शिफ्टिंग करा रहा है।
इस काम की लागत 2230.16 लाख रुपये यानी करीब 22.30 करोड़ रुपये है। गाजियाबाद की मेसर्स गुप्ता एसोसिएट को इसका ठेका दिया गया है। कंपनी को 14 मार्च 2027 तक काम पूरा करना है। इसके तहत पुरानी सीवर लाइन हटाकर 600 से 900 एमएम की 1043 मीटर और 1400 से 1800 एमएम की 1033 मीटर नई सीवर लाइन डाली जाएगी।
सीवर लाइन शिफ्टिंग और जीटी रोड की एनओसी मिलने के बाद आरओबी निर्माण में तेजी आने की उम्मीद है।
📡 स्रोत: NewsData.io