360वें प्रकाश पर्व को लेकर तैयारियां तेज, पटना साहिब में किया गया निरीक्षण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार समेत कई अधिकारी रहे मौजूद, मेहंदीगंज रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की संभावना पर हुई चर्चा।
01 नवंबर, पटना सिटी (पटना, बिहार) : आगामी 360वें प्रकाश पर्व को लेकर पटना सिटी में तैयारियां लगातार तेज हो रही हैं। इसी क्रम में दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार, नगर आयुक्त, पटना साहिब के विधायक समेत कई अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान डीआरएम विनोद कुमार ने पटना साहिब रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान रेलवे फाटकों के कारण लगने वाले जाम की समस्या पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई।
डीआरएम ने बताया कि गुलजारबाग स्टेशन के समीप स्थित मेहंदीगंज रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की संभावना को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इसका उद्देश्य प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।
अधिकारियों ने प्रकाश पर्व में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।