40 हजार की रिश्वत लेते दलाल और हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अमरसर में पुलिस परिवाद को रफादफा करने के बदले 50 हजार की रिश्वत मांगी गई थी। ACB ने ट्रैप कार्रवाई कर 40 हजार रुपए लेते दलाल को पकड़ा, हेड कांस्टेबल को भी गिरफ्तार किया। जयपुर, 1 सितम्बर।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर ग्रामीण के अमरसर में ट्रैप कार्रवाई करते हुए पुलिस परिवाद को रफादफा करने के बदले 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते एक निजी व्यक्ति और पुलिस हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई में अमरसर स्थित अंग्रेजी व देशी शराब ठेके के सेल्समैन राकेश कुमार मीणा को रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस थाना अमरसर में तैनात हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य को भी गिरफ्तार किया गया।
ACB के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके खिलाफ अमरसर थाने में दर्ज परिवाद को रफादफा कर उसके पक्ष में रिपोर्ट बनाने के एवज में हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य की ओर से 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ACB जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया।
सत्यापन के दौरान हेड कांस्टेबल की ओर से 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बाद में वह 40 हजार रुपए लेने पर सहमत हुआ। इसके बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की। मंगलवार को तय योजना के अनुसार रिश्वत की रकम देने की कार्रवाई की गई।
इस दौरान राकेश कुमार मीणा ने हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य के लिए परिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत राशि प्राप्त की। रकम लेते ही ACB टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ACB टीम ने हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
ACB की ओर से दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। यह कार्रवाई ACB मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर नगर-प्रथम इकाई की ओर से की गई। कार्रवाई का सुपरविजन वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में किया गया।
ACB ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ACB की ओर से आमजन से अपील की गई है कि किसी वैध कार्य के लिए रिश्वत मांगे जाने पर इसकी सूचना तत्काल ब्यूरो को दें।
भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत के लिए ACB के टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9413502834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।