486 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन’ का आगाज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कोटपूतली-बहरोड़ में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ शुरू हुआ। पहले दिन 486 आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम हुए और मानदेय कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
कोटपूतली-बहरोड़, 25 सितम्बर। जिले में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का शुभारंभ हुआ। 25 से 27 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम के पहले दिन जिले के 486 आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। आगामी दिनों में जिले के सभी 1,263 आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों के योगदान को सम्मानित करने के साथ समुदाय के साथ उनके जुड़ाव को और मजबूत करना है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित महिला एवं बाल विकास से जुड़ी सेवाओं और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर भी कार्यक्रम के दौरान जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें प्रधानमंत्री की ओर से उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा के लिए लिखे गए पत्र और प्लांटर भेंट किए गए।
इस अवसर पर मानदेय कार्मिकों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से शामिल किया जाएगा। इसके माध्यम से कार्मिकों के सम्मान के साथ समुदाय की भागीदारी बढ़ाने और आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।