राज्य

5,500 पेंशनधारियों की पेंशन रुकी

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 1 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
5,500 पेंशनधारियों की पेंशन रुकी

जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने के कारण बोधगया के नगर परिषद व पंचायत क्षेत्रों में रहने वाले पेंशन योजनाओं से जुड़े करीब 5,500 लाभार्थियों की पेंशन फिलहाल रुकी हुई है। पेंशनधारियों की समस्या दूर करने के लिए बीडीओ अजीत कुमार ने विकास मित्र, पंचायत सचिव सहित जनप्रतिनिधियों को सूची उपलब्ध कराई है।

उन्होंने सत्यापन कराने की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने लाभार्थियों को जीवन प्रमाणीकरण कराने के लिए प्रेरित करने को भी कहा है। क्षेत्र में रहने वाले बुजुर्गों को जागरूक करने व जीवन प्रमाणीकरण सत्यापित करने को लेकर सोमवार को बीडीओ की अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय सभागार में विकास मित्रों व पंचायत सचिवों के साथ बैठक हुई।

इसमें क्षेत्र के कई एजेंडों की समीक्षा की गई। बीडीओ ने बताया कि पेंशन भुगतान रुकने का मुख्य कारण जीवन प्रमाणीकरण नहीं होना है। इनमें कुछ ऐसे लाभार्थी भी हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। इसकी सूचना कार्यालय को मिल चुकी है।

वहीं, कई बुजुर्ग व जरूरतमंद लाभार्थी जानकारी या सहयोग के अभाव में केवाईसी केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसके अलावा कुछ लाभार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन तकनीकी कारणों से नहीं हो पा रहा है। ऐसे लाभार्थियों के सत्यापन के लिए विकास मित्र व पंचायत सचिवों को निर्देश दिया गया है।

वे लाभार्थियों के घर या संबंधित स्थान पर जाकर यह सत्यापित करेंगे कि लाभार्थी जीवित हैं या नहीं। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जीवन प्रमाणीकरण कराया जाएगा। लाभार्थियों तक सूचना पहुंचाने के लिए सभी मुखिया, पंचायत सदस्य, प्रखंड प्रमुख समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को भी सूची साझा की गई है।

उनसे अनुरोध किया गया है कि वे अपनी पंचायत या क्षेत्र में सूची में शामिल लाभार्थियों को जीवन प्रमाणीकरण कराने के लिए प्रेरित करें। इससे उन्हें दोबारा पेंशन का लाभ मिल सकेगा। बीडीओ ने बताया कि पहले ऐसे पेंशनधारियों की संख्या करीब 7,000 थी। अभियान चलाकर इसे लगभग 1,500 तक कम किया गया है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।