51 फीट लंबे कांवर के साथ 250 शिवभक्तोंकी यात्रा निकली:महिसोनी गांव से शुरू हुई कांवर यात्रा, अशोक धाम में करेंगे जलाभिषेक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र के महिसोनी गांव से सोमवार शाम करीब 7 बजे 250 शिवभक्तों का जत्था 51 फीट लंबे कांवर के साथ अशोक धाम के लिए रवाना हुआ। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर शिवभक्त झूमते और नाचते रहे। इस दौरान लगातार ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा माहौल भक्ति से भर गया। इस कांवर यात्रा में महिला-पुरुषों के साथ बुजुर्ग, युवा और बच्चे भी शामिल थे।
महिसोनी गांव से निकली इस यात्रा में 51 फीट लंबा कांवर लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। सड़क किनारे बसे गांवों के लोग कांवर यात्रा देखने के लिए जमा होते रहे। सैकड़ों शिवभक्तों द्वारा एक साथ कांवर को कंधा देकर आगे बढ़ने का नजारा देखने के लिए लोगों में काफी उत्सुकता थी। यात्रा करीब रात 9 बजे सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित शिव-दुर्गा-महावीर मंदिर परिसर पहुंची।
यहां कांवरियों के रात रुकने की व्यवस्था की गई थी। मंगलवार सुबह करीब 3 बजे कांवरिया गौरीशंकर नदी घाट के लिए रवाना होंगे। नदी घाट से पवित्र जल भरने के बाद वे पैदल यात्रा करते हुए 25 किलोमीटर की दूरी तय कर अशोक धाम पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। कांवरियों ने बताया कि इस कांवर का निर्माण पूरे गांव के लोगों के सहयोग और चंदे से किया गया है।
यात्रा में शामिल रमेश कुमार ने बताया कि इस साल पहली बार 51 फीट लंबे कांवर के साथ यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि अगले साल कांवर की लंबाई बढ़ाकर 108 फीट करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही एक हजार से ज्यादा शिवभक्तों को कांवर यात्रा में शामिल कर सामूहिक रूप से अशोक धाम पहुंचकर जल चढ़ाने की योजना है।
पूरी यात्रा के दौरान भक्ति गीतों और ‘बोल बम’ के जयघोष से रास्ते का माहौल भक्तिपूर्ण बना रहा।
📡 स्रोत: NewsData.io