661 करोड़ रुपये में नौसेना के लिए ब्रह्मोस सिस्टम खरीदेगा रक्षा मंत्रालय
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 06, नई दिल्ली: रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के लिए ब्रह्मोस फायर कंट्रोल सिस्टम और लॉन्चर की खरीद के लिए ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड (BAPL) के साथ 661.50 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। यह अनुबंध 6 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में ‘बाय (इंडियन-IDDM)’ श्रेणी के तहत किया गया।
अनुबंध पर रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। परियोजना में कम से कम 68 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे MSME समेत विभिन्न भारतीय उद्योगों की भागीदारी को बढ़ावा मिलने और तीन वर्ष की अवधि में रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह परियोजना भारतीय नौसेना की समुद्री सुरक्षा और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के साथ उन्नत सैन्य तकनीक के स्वदेशीकरण को बढ़ावा देगी।
ब्रह्मोस प्रणाली भारतीय नौसेना के अग्रिम पंक्ति के कई युद्धपोतों पर तैनात है और समुद्री स्ट्राइक ऑपरेशन के लिए नौसेना की प्रमुख सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल प्रणालियों में शामिल है। सुपरसोनिक गति और सटीक निशाने के साथ यह प्रणाली लंबी दूरी से समुद्र और जमीन पर मौजूद लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है।