664 सरपंच प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
करौली जिले में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत 76 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी है। हिण्डौन, शेरपुर-सूरौठ और श्रीमहावीरजी पंचायत समितियों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं। सरपंच पद के लिए 664 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए 1300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। करीब 25 प्रतिशत मतदान केंद्रों को क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है, जहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।
करौली, 5 नवंबर। गांव की सरकार चुनने के लिए करौली जिले में लोकतंत्र का उत्सव जारी है। जिले में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत 76 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जा रहा है। हिण्डौन, शेरपुर-सूरौठ और श्रीमहावीरजी पंचायत समितियों में सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही कतारें लगनी शुरू हो गई हैं। इस चरण में सरपंच पद के लिए 664 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे। वहीं, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले में 1300 से अधिक पुलिसकर्मी चुनाव व्यवस्था संभाल रहे हैं।
करौली जिले की 76 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। तीसरे चरण के मतदान में हिण्डौन, शेरपुर-सूरौठ और श्रीमहावीरजी पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतें शामिल हैं। सुबह मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया।
कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। इस चरण में सरपंच पद के लिए कुल 664 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। हिण्डौन पंचायत समिति की 27 ग्राम पंचायतों में 233 प्रत्याशी, शेरपुर-सूरौठ की 25 ग्राम पंचायतों में 216 और श्रीमहावीरजी की 24 ग्राम पंचायतों में 215 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
सरपंच पद के चुनाव में इस बार कई ग्राम पंचायतों में दिलचस्प मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। शेरपुर-सूरौठ पंचायत समिति की जटवाड़ा ग्राम पंचायत में सबसे अधिक 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, इसी पंचायत समिति की एकोराशी ग्राम पंचायत में केवल दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है।
मतदान की एक खास बात यह भी है कि सरपंच और पंच पदों के लिए ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से मतदान कराया जा रहा है। मतदाता बैलेट पेपर के माध्यम से अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। इसे देखते हुए जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए 1300 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रत्येक पंचायत समिति में एक-एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, करीब 25 प्रतिशत मतदान केंद्रों को क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी के साथ वीडियोग्राफी और हथियारबंद पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा स्टेटिक पुलिस जाब्ता और मोबाइल पुलिस पार्टियां भी लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा और पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल लगातार चुनाव व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें मतदान करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
वहीं, स्काउट-गाइड, स्कूली विद्यार्थियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी मतदाताओं की सहायता के लिए लगाया गया है। ये मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले लोगों को जरूरी सहयोग दे रहे हैं। करौली जिले में तीसरे चरण के मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
76 ग्राम पंचायतों में 664 सरपंच प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत मतपेटियों में बंद होगी। अब सभी की निगाहें मतदान पूरा होने और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। जिले में मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी सतर्कता बरती है।
बाइट --1-- रामा, मतदाता बाइट --2-- मानसिंह,
बाइट -- 3-- सोहन सिंह, थानाधिकारी