देश

आईएचएम हमीरपुर में मनाया गया एंटी-रैगिंग सप्ताह

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 20, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैंनेजमेंट, कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड एप्लाइड न्यूट्रिशन यानि होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर में 12 से 18 अगस्त तक एंटी-रैगिंग सप्ताह मनाया गया।

इस सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा संस्थान में सुरक्षित, सम्मानजनक एवं रैगिंग-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत 12 अगस्त को एंटी-रैगिंग ओरिएंटेशन कार्यक्रम से हुई।

इसके बाद 13 अगस्त को रैगिंग विरोधी नारा लेखन प्रतियोगिता, 14 अगस्त को ह्यूमन नॉट टीम-बिल्डिंग गतिविधि करवाई गई। 15 अगस्त को विद्यार्थियों एवं स्टाफ द्वारा एंटी-रैगिंग की शपथ ली गई, जिसमें सभी ने संस्थान को रैगिंग-मुक्त बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। 16 अगस्त को फ्रेशर्स तथा 17 अगस्त को वरिष्ठ विद्यार्थियों के लिए एंटी-रैगिंग जागरुकता डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।

इसके माध्यम से विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, रैगिंग के गंभीर परिणामों तथा रैगिंग को रोकने के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई। एंटी-रैगिंग सप्ताह के अंतिम दिन 18 अगस्त को हमीरपुर के गांधी चौक पर एंटी-रैगिंग जागरुकता स्किट एवं जन-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विद्यार्थियों ने प्रभावशाली स्किट के माध्यम से रैगिंग के दुष्परिणामों तथा आपसी सम्मान, भाईचारे और सहयोग की भावना का संदेश दिया। इस अवसर पर हमीरपुर के एडीसी एवं आईएचएम के कार्यकारी प्रधानाचार्य अभिषेक गर्ग ने विद्यार्थियों को रैगिंग के गंभीर दुष्परिणामों एवं इसके प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति से अवगत कराया।

उन्होंने विद्यार्थियों से एक-दूसरे का सम्मान करने तथा संस्थान में सकारात्मक, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।

अभिषेक गर्ग ने कहा कि एंटी-रैगिंग सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में जागरुकता बढ़ाने के साथ-साथ यह संदेश दिया गया है कि शैक्षणिक संस्थान में रैगिंग के लिए कोई स्थान नहीं है।

उन्होंने कहा कि आईएचएम हमीरपुर अपने परिसर में सुरक्षित, अनुशासित, समावेशी एवं पूर्णतः रैगिंग-मुक्त शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के प्रति प्रतिबद्ध है। यही कारण है कि वर्ष 2011 में संस्थान की स्थापना से लेकर आज तक इसमें रैगिंग का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है, जो संस्थान के लिए गर्व की बात है।

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।