आखिर कैसे हुआ अशोकधाम में इतना बड़ा हादसा? लापरवाही किसकी, अब उठ रहे गंभीर सवाल

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी के दिन हुआ दर्दनाक हादसा कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जलाभिषेक के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे, लेकिन अचानक मची भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। प्रशासन के अनुसार अशोकधाम हॉल्ट पर एक साथ दो ट्रेनों के रुकने से अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। श्रद्धालुओं की कतार हॉल्ट तक पहुंच चुकी थी। इसी दौरान पुरुषों की लाइन के पास बिजली का एक पोल गिर गया। पोल गिरने के बाद वहां करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई और श्रद्धालुओं में दहशत पैदा हो गई। हालांकि प्रशासन का कहना है कि वहां लाइव बिजली का तार नहीं था, लेकिन अफवाह के कारण महिलाओं की कतार पर अचानक दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं और भगदड़ में जान चली गई। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सावन की सोमवारी पर जब अशोकधाम में भारी भीड़ जुटने की पूरी संभावना थी, तो भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था कितनी मजबूत थी? श्रद्धालुओं की कतार अगर अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी, तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई? दूसरा बड़ा सवाल बिजली के पोल को लेकर है। यदि पोल रात में ही गिर गया था तो सुबह श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले उस स्थान को पूरी तरह सुरक्षित क्यों नहीं किया गया? वहां सुरक्षा घेरा और स्पष्ट चेतावनी क्यों नहीं लगाई गई? हादसे के बाद अफवाह ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। ऐसे बड़े धार्मिक आयोजनों में किसी भी अफवाह को रोकने के लिए तत्काल सार्वजनिक घोषणा और प्रशिक्षित भीड़ नियंत्रण टीम की जरूरत होती है। अब यह भी जांच का विषय है कि मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कितनी तेजी से कार्रवाई की। इस हादसे में किस स्तर पर चूक हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। लेकिन घटना ने प्रशासन, रेलवे, बिजली विभाग और मंदिर प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की नजर जांच पर है कि आखिर इतनी बड़ी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था क्यों चरमराई और इस दर्दनाक हादसे की जिम्मेदारी किसकी तय होती है। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
📡 स्रोत: NewsData.io