राज्य

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में 12 गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में 12 गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

कार्यक्रम में महापौर मालती राय सहित जनप्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता एवं आमजन सहित लगभग 480 लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सहजन का पौधा रोपित कर तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार किए गए 101 प्रकार के पोषण व्यंजनों की प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ हुआ। प्रदर्शनी में घर में उपलब्ध सामग्री से पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार करने के तरीकों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी का संदेश भी उपस्थित हितग्राहियों को सुनाया गया।

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत 12 गर्भवती महिलाओं की अतिथियों द्वारा गोद भराई की गई। गर्भवती माताओं का गुलाब की पंखुड़ियों एवं ढोल की थाप के साथ स्वागत किया गया। उन्हें नारियल, फ्रूट बास्केट एवं चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही तीन माह के बालक अद्वित के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों द्वारा कपड़े, खिलौने, टेडी बियर, झूला, कड़ा सहित विभिन्न सामग्री भेंट की गई।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिया भावे ने उपस्थित हितग्राहियों को पोषण एवं स्वास्थ्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य देखभाल, एनीमिया की रोकथाम, संतुलित खान-पान, आवश्यक सावधानियों तथा प्रसव के बाद नवजात एवं बच्चों की देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग सुनील सोलंकी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिले की परियोजनाओं में चरणबद्ध तरीके से तीन-तीन दिवस तक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे निर्धारित अवधि में पूरे जिले में कार्यक्रमों का निरंतर संचालन सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में पोषण माह अभियान के अंतर्गत उपस्थित प्रतिभागियों को पोषण शपथ दिलाई गई।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।