AAP की जन आक्रोश रैली में जावेद खान ने जितेंद्र सिंह तोमर का किया स्वागत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल में रैली के दौरान ‘भाजपा हटाओ, भोपाल बचाओ’ के नारे, सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
भोपाल, 27 सितंबर। आम आदमी पार्टी द्वारा राजधानी भोपाल में आयोजित जन आक्रोश रैली के दौरान पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जावेद खान ने मध्यप्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर का साफा पहनाकर और पुष्पमाला भेंट कर स्वागत किया। रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं, छात्रों, महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की भागीदारी रही।
रैली भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से शुरू होकर प्रभात पेट्रोल पंप चौराहे तक निकाली गई। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर विरोध दर्ज कराया और ‘भाजपा हटाओ, भोपाल बचाओ’ के नारे लगाए।
जावेद खान ने जितेंद्र सिंह तोमर का साफा पहनाकर और पुष्पमाला से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन अपनी आवाज उठाता रहेगा।
रैली को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह तोमर ने मध्यप्रदेश सरकार की नीतियों और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए सरकार पर अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं करने के आरोप लगाए। उन्होंने दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यों का हवाला देते हुए मध्यप्रदेश में भी इसी तरह के काम किए जाने की बात कही।
तोमर ने भोपाल नगर निगम से जुड़े कर और सीवेज शुल्क सहित अन्य स्थानीय मुद्दों को भी अपने संबोधन में उठाया। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े किए और इन मुद्दों पर पार्टी के आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही।
जितेंद्र सिंह तोमर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम आने वाले दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में किए जाने वाले आंदोलनों की शुरुआत है। पार्टी नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन और जनसंपर्क कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।
रैली में जावेद खान सहित आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।