आस्था और संस्कृति के रंग में सजेगा त्रिलोकीनाथ धाम, आज से शुरू पोरी मेला
अगस्त 21, लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): लाहौल-स्पीति की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सदियों पुरानी लोक परंपराओं का प्रतीक राज्य स्तरीय पोरी मेला-2026 आज यानी 21 अगस्त से त्रिलोकीनाथ में शुरू हो रहा है। तीन दिवसीय यह मेला 23 अगस्त तक पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा।
मेले में सप्तधारा यात्रा, भव्य शोभायात्रा, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक संध्याएं मुख्य आकर्षण रहेंगी। त्रिलोकीनाथ मंदिर हिंदू और बौद्ध दोनों समुदायों के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। हिंदू श्रद्धालु भगवान त्रिलोकीनाथ को भगवान शिव, जबकि बौद्ध श्रद्धालु आर्य अवलोकितेश्वर के रूप में पूजते हैं।
मेले के अंतिम दिन मणिमहेश की पैदल यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का जत्था त्रिलोकीनाथ में एकत्रित होकर सामूहिक रूप से रवाना होगा। इस धार्मिक दृश्य को देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं के उमड़ने की उम्मीद है।
पोरी मेला लाहौल-स्पीति की सांस्कृतिक विविधता, आस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक बनकर एक बार फिर अपनी अनूठी पहचान प्रस्तुत करेगा।