भोपाल

आयुष्मान आंदोलन को बड़ी सफलता, लंबित भुगतान और NABH मुद्दों पर सरकार से महत्वपूर्ण सहमति

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 8 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

भोपाल, 8 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के लंबित भुगतान और NABH से जुड़ी समस्याओं को लेकर पिछले कई सप्ताह से चल रहे अस्पताल संचालकों के प्रदेशव्यापी आंदोलन को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। यूनाइटेड प्राइवेट हॉस्पिटल्स डायरेक्टर्स एसोसिएशन (UPHDA) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विशाल सिंह बघेल के नेतृत्व में सरकार के साथ हुई चर्चाओं के बाद प्रमुख मांगों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण सहमति बनी है।

पोर्टल-1 के वर्षों से लंबित भुगतान के निराकरण के लिए नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) से आधिकारिक संवाद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद लंबित भुगतान का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।

वहीं, पोर्टल-2 पर एक लाख से अधिक लंबित क्लेम के ऑडिट और निस्तारण के लिए 50 MBBS डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। सरकार की ओर से आगामी दो माह में लंबित भुगतान क्लियर करने का आश्वासन दिया गया है।

NABH से जुड़े मामले में उन अस्पतालों को राहत मिलेगी, जिनका Entry-Level NABH निरीक्षण पूरा हो चुका है, लेकिन प्रमाणपत्र लंबित होने के कारण उन्हें 1 अक्टूबर से डी-एम्पैनल कर दिया गया था। ऐसे अस्पताल निरीक्षण पूर्ण होने का ऑनलाइन प्रमाण आयुष्मान विभाग में प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें Suspended श्रेणी में स्थानांतरित किया जाएगा। NABH प्रमाणपत्र प्राप्त होने पर सस्पेंशन और पेमेंट होल्ड हटाने की प्रक्रिया की जाएगी। संगठन के अनुसार, इससे करीब 20 अस्पतालों को राहत मिलेगी। NABH की अनिवार्यता सहित अन्य लंबित मुद्दों पर भी सरकार के साथ सकारात्मक चर्चा जारी रखने पर सहमति बनी है।

UPHDA के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विशाल सिंह बघेल ने कहा कि यह सफलता प्रदेशभर के अस्पताल संचालकों और चिकित्सकों की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने सरकार के सकारात्मक सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि संगठन आगे भी रचनात्मक संवाद के माध्यम से अस्पतालों और मरीजों के हितों के लिए कार्य करता रहेगा।

UPHDA के उपाध्यक्ष डॉ. धनंजय मिश्रा ने कहा कि डॉ. विशाल सिंह बघेल के धैर्य, दूरदर्शिता और अथक प्रयासों से आंदोलन को प्रभावी नेतृत्व मिला। उन्होंने इसे प्रदेशभर के अस्पताल संचालकों की सामूहिक एकजुटता और संघर्ष की सफलता बताया।

UPHDA के एडवाइजरी चेयरमैन डॉ. जीशान अहमद ने कहा कि डॉ. विशाल सिंह बघेल ने जिस नेतृत्व क्षमता, सूझबूझ और समर्पण के साथ आंदोलन का नेतृत्व किया, वह अनुकरणीय है।

संगठन ने इस उपलब्धि पर प्रदेशभर के अस्पताल संचालकों, चिकित्सकों और सहयोगी संगठनों को बधाई देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों को मिलने वाले भुगतान और NABH मानकों के पालन को लेकर मध्यप्रदेश के अस्पताल संचालकों का प्रदेशव्यापी आंदोलन चल रहा है। इस आंदोलन का उद्देश्य लंबित भुगतानों का निपटारा और मानक अनुपालन में सुधार सुनिश्चित करना है। सरकार के साथ वार्ता के बाद महत्वपूर्ण सहमति मिलने से यह योजना अधिक विश्वसनीय और स्थायी बन सकती है। यह निर्णय अस्पतालों की वित्तीय स्थिरता बढ़ाएगा, जिससे रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ मिलेंगी और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश के प्रति विश्वास बढ़ेगा।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।