आयुष्मान भारत योजना में अनियमितता पर भोपाल के तीन अस्पताल निलंबित
भोपाल में आयुष्मान भारत योजना के तहत नियमों के पालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। योजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह और विभागीय टीम ने रविवार को शहर के तीन अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर यशवी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, सूर्यांश मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल और मारुति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। तीनों अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 10 दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही अस्पतालों द्वारा पूर्व में किए गए संपूर्ण क्लेम्स का ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अस्पतालों से मिले स्पष्टीकरण और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आयुष्मान भारत कार्यालय की ओर से योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए अस्पतालों की लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना के प्रावधानों का उल्लंघन या किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।