अगले 7 दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश की अलर्ट जारी

अगस्त 26, नई दिल्ली: देशभर में मानसून का असर जारी है और कई राज्यों में बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग यानी IMD ने अगले सात दिनों के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में 1 सितंबर तक कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है, जबकि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
IMD के मुताबिक, उत्तराखंड में 26 अगस्त और 30-31 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 अगस्त को तेज बारिश की संभावना है।दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।
वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी बारिश के साथ कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मध्य भारत में मानसून सक्रिय बना रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। लोगों से मौसम संबंधी सावधानी बरतने की अपील की गई है। फोटो- प्रतीकात्मक तस्वीर