अग्रवाल संघ युवा महिला मंडल के सात दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का समापन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है — अतिथिगण
मुरैना। अग्रवाल संघ युवा महिला मंडल, मुरैना द्वारा महिलाओं को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का 29 सितंबर 2026 को समापन हुआ। शिविर में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
शिविर के दौरान योग प्रशिक्षिका श्रीमती रागिनी बंसल ने अग्रवाल समाज की महिलाओं को विभिन्न योगासनों, नियमित योगाभ्यास और योग की उपयोगिता से संबंधित प्रशिक्षण दिया। सात दिनों तक चले इस शिविर के माध्यम से लगभग 50 महिलाओं को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।
समापन समारोह में अग्रवाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुन्नालाल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अग्रवाल संघ के जिला महामंत्री राजेश मित्तल एवं अग्रवाल संघ युवा मंडल, मुरैना के जिलाध्यक्ष राहुल गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अग्रवाल संघ युवा महिला मंडल, मुरैना की संरक्षक प्रभा अग्रवाल, अध्यक्ष माला गर्ग, कोषाध्यक्ष माधवी गोयल और उपाध्यक्ष जया मित्तल सहित रेनू गोयल, अंजना अग्रवाल, प्रियंका सिंघल, राखी गोयल, अनीता मित्तल, श्वेता मित्तल, प्रियंका मित्तल, नीलम गोयल, सची गोयल, स्नेहलता गोयल, दीप्ती गर्ग, नीतू अग्रवाल और नितिका गर्ग सहित मंडल की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहीं।
समापन अवसर पर अतिथियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाने में सहायक है। योग तनाव कम करने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने में भी उपयोगी है। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस तरह के आयोजन लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।
मंडल की ओर से योग प्रशिक्षिका रागिनी बंसल के प्रशिक्षण एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही शिविर में सहभागिता करने वाली सभी महिलाओं का भी धन्यवाद किया गया। आयोजन का समापन उत्साहपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में हुआ। प्रतिभागी महिलाओं ने भविष्य में भी इस प्रकार के योग एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।