AIMIM के 15 सितंबर के कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार की मांग, मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के 15 सितंबर को सेंट्रल लाइब्रेरी, भोपाल में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मध्यप्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन से अनुमति पर पुनर्विचार करने की मांग की है। कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीशान रहमान खान ने इस संबंध में मुख्यमंत्री, कलेक्टर, पुलिस आयुक्त तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन देकर कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के दृष्टिकोण से कार्यक्रम की समीक्षा करने का अनुरोध किया है।
आवेदन में कहा गया है कि भोपाल में गणेश उत्सव सहित विभिन्न धार्मिक पर्वों के आयोजन का दौर चल रहा है। सेंट्रल लाइब्रेरी और उसके आसपास के क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में किसी बड़े राजनीतिक कार्यक्रम से अतिरिक्त भीड़, यातायात दबाव और कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियां उत्पन्न होने की संभावना को प्रशासन द्वारा गंभीरता से देखा जाना चाहिए।
कमेटी ने असदुद्दीन ओवैसी के पूर्व सार्वजनिक भाषणों और बयानों को लेकर विवाद उत्पन्न होने की खबरों का भी उल्लेख किया है। आवेदन में आशंका जताई गई है कि कार्यक्रम के दौरान यदि ऐसा कोई वक्तव्य सामने आता है, जिसे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला या उकसाने वाला माना जाए, तो इससे अनावश्यक तनाव पैदा हो सकता है और शहर के शांतिपूर्ण वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
आवेदन में हैदराबाद के पूर्व विधायक टी. राजा सिंह के कार्यक्रमों का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि पूर्व में भी कानून-व्यवस्था और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए कुछ कार्यक्रमों की अनुमति नहीं दिए जाने के मामले सामने आए हैं। कमेटी ने कहा है कि वर्तमान मामले में भी निर्णय किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के आधार पर नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक परिस्थितियों के वस्तुनिष्ठ आकलन के आधार पर लिया जाना चाहिए।
मध्यप्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कहा है कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराना नहीं, बल्कि भोपाल की शांति, धार्मिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना है। कमेटी ने प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति देने से पहले संभावित परिस्थितियों का व्यापक आकलन करने का आग्रह किया है।
कमेटी ने यह भी कहा है कि यदि कार्यक्रम की अनुमति दी जाती है तो आयोजकों के भाषणों और वक्तव्यों में लागू कानूनी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी ऐसे वक्तव्य पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए, जिससे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों या सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बने।
आवेदन में भोपाल की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव को सर्वोपरि बताते हुए प्रशासन से 15 सितंबर को सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार कर आवश्यक निर्णय लेने का अनुरोध किया गया है। आवेदन 11 सितंबर 2026 को मध्यप्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीशान रहमान खान की ओर से दिया गया है।