विदेश

Airtel Postpaid प्लान 50 रुपये महंगे, हर साल मिलेगा फ्री International Roaming

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
Airtel Postpaid प्लान 50 रुपये महंगे, हर साल मिलेगा फ्री International Roaming

भारती एयरटेल ने अपने ‘पोस्टपेड’ शुल्क में 50 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके तहत नए प्लान में हर साल एक अंतरराष्ट्रीय रोमिंग यात्रा मुफ्त दी जाएगी। कंपनी से जुड़े सूत्रों ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नए प्लान आठ अक्टूबर, 2026 से लागू होंगे और मौजूदा ‘पोस्टपेड’ ग्राहकों को एक महीने के भीतर उनके मौजूदा प्लान से सबसे नजदीकी ऊंची राशि वाले प्लान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

कंपनी के एक सूत्र ने बताया कि मुफ्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग की सुविधा 2,000 रुपये की है। इस तरह नए प्लान के तहत पोस्टपेड शुल्क मौजूदा शुल्क के मुकाबले 50 रुपये बढ़ जाएगा। एयरटेल ने बयान में कहा कि उसने ‘‘नए पोस्टपेड प्लान पेश किए हैं, जिनमें और अधिक सुविधाएं शामिल हैं।’’ बयान में कहा गया, ‘‘आठ अक्टूबर, 2026 से ग्राहक इन नए ‘पोस्टपेड प्लान’ के साथ मौजूदा सभी सुविधाओं के अलावा हर साल एक अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान मुफ्त रोमिंग का लाभ उठा सकेंगे।’’ ‘मुफ्त रोमिंग पैक’ में पांच जीबी डेटा, 60 मिनट कॉल, 25 आउटगोइंग एसएमएस और मुफ्त इनकमिंग एसएमएस शामिल हैं।

इसकी वैधता पांच दिन होगी। ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार इसे सक्रिय कर सकते हैं। पारिवारिक प्लान में हर सदस्य मुफ्त रोमिंग सुविधा का पात्र होगा। बयान में कहा गया, ‘‘मुफ्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग एयरटेल पोस्टपेड प्लान में नवीनतम सुविधा है। इन प्लान में फास्ट लेन प्रौद्योगिकी, अनलिमिटेड डेटा और नेटवर्क स्तर पर स्पैम तथा फर्जी लिंक से सुरक्षा के जरिये बेहतर अनुभव मिलता है।’’ इसमें कहा गया, ‘‘ग्राहक मनोरंजन से जुड़ी कई सदस्यता और एयरटेल पोस्टपेड एडवांटेज क्लब के जरिये विशेष अनुभवों का लाभ भी उठा सकते हैं।

इनमें कॉमेडी शो, फिल्मों के प्रीमियर और संगीत कार्यक्रम शामिल हैं।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।