अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मगन झांझोट की चेतावनी, मांगें नहीं मानीं तो दीपावली से कचरा उठाना बंद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नगरीय प्रशासन मंत्री को ज्ञापन, सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन के दौरान खुद सड़क से कचरा उठाकर दिया स्वच्छता का संदेश
भोपाल, 6 अक्टूबर। अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन 7262 के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को नगरीय प्रशासन मंत्री को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से यूनियन के पदाधिकारी, नगर निगम के दरोगा, सुपरवाइजर एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए शासन से शीघ्र निर्णय की मांग की।
मगन झांझोट ने दी आंदोलन की चेतावनी
अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मगन झांझोट ने कहा कि सफाई कर्मचारी वर्षों से शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों का अब तक उचित समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो दीपावली से सफाई कर्मचारी कचरा उठाने का काम बंद कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
उन्होंने कहा कि मंत्री महोदय से प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं हो सकी, लेकिन संबंधित स्तर से आश्वासन मिला है कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें पूरा करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। यूनियन मांगों के निराकरण की प्रतीक्षा करेगी, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
प्रदर्शन के बीच कर्मचारियों ने खुद की सड़क की सफाई
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर कचरा फैला देखकर सफाई कर्मचारियों ने स्वयं आगे बढ़कर कचरा एकत्र किया और सड़क की सफाई की। कर्मचारियों ने इस पहल के माध्यम से ‘स्वच्छता केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की जिम्मेदारी है’ का संदेश दिया। प्रदर्शन के बीच कर्मचारियों द्वारा खुद सफाई करने का दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश भी गया।
बैठक में बनाई गई थी कार्यक्रम की रणनीति
ज्ञापन कार्यक्रम से पहले 4 अक्टूबर को थनवार भवन स्थित यूनियन कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मगन झांझोट की अध्यक्षता में राष्ट्रीय, प्रदेश, संभाग एवं जिला अध्यक्षों तथा पदाधिकारियों, नगर निगम के दरोगा एवं सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में ज्ञापन कार्यक्रम को व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई थी।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता हामिद मो. खान, जिला अध्यक्ष अनिल श्रवण, बसी सुल्तान, अनिल जैनवार, धनराज जावा, सेरा भाई चौहान, सतीश चौहान, रिजवान, फैजान सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।