3 एवं 4 अक्टूबर को आयोजित होगा ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकासखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों तथा नगरीय निकायों में वार्ड एवं जोन स्तर पर वृहद सेवा सेतु शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध लोक सेवाएं ग्राम एवं वार्ड स्तर पर ही उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी एसडीएम को ग्राम पंचायत स्तर पर फार्मर आईडी और एग्रीस्टेक पोर्टल से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैरसिया, हुजूर एवं कोलार अनुविभाग में विशेष अभियान चलाकर किसानों की फार्मर आईडी बनाने और एग्रीस्टेक के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सेवा सेतु शिविरों में बैंकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे पात्र किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड सहित मत्स्य पालन, दुग्ध उत्पादन एवं अन्य संबद्ध गतिविधियों के लिए आवश्यक क्रेडिट कार्ड मौके पर ही बनाए जा सकें।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की अनअटेंडेड शिकायतों और लोक सेवा गारंटी के समय-सीमा बाह्य प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।