अल्मोड़ा में जल स्रोतों के पुनर्जीवन कार्यों में देरी पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जल स्रोत एवं नदी पुनर्जीवन प्राधिकरण (SARRA) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की।
05 नवम्बर 2026, अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जल स्रोत एवं नदी पुनर्जीवन प्राधिकरण (SARRA) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष कम उपलब्धि और धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जलागम, वन और सिंचाई विभाग को लंबित कार्य प्राथमिकता से पूरे करने तथा आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा। बैठक में वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों का पुनर्जीवन, चेकडैम, चाल-खाल और बांज पौधरोपण सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वे जल्द ही परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण से पहले कार्यों की प्रगति में ठोस सुधार दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल कागजी प्रगति के बजाय धरातल पर वास्तविक उपलब्धि सुनिश्चित की जाए।