राजनीति

अमेरिका दौरे पर वित्त मंत्री, निवेशकों और CEOs से करेंगी मुलाकात

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 28 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अमेरिका दौरे पर वित्त मंत्री, निवेशकों और CEOs से करेंगी मुलाकात

अगस्त 28, नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज से छह दिवसीय अमेरिका दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे शिकागो, एशविल और न्यूयॉर्क का दौरा करेंगी। शिकागो में वित्त मंत्री प्रमुख निवेशकों, CEOs और निजी क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगी।

इन बैठकों में भारत में निवेश के अवसर, देश की आर्थिक स्थिति और भारत-अमेरिका के बीच कारोबारी और निवेश साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी। निर्मला सीतारमण यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो के पोल्स्की सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन भी जाएंगी, जहां स्टार्टअप, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग पर बातचीत होगी।

इसके बाद एशविल में वित्त मंत्री G20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नर्स की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी। 31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाली इस बैठक में वैश्विक आर्थिक और वित्तीय चुनौतियों पर चर्चा होगी।

भारत इस मंच पर वैश्विक आर्थिक मुद्दों को लेकर अपना पक्ष रखेगा और G20 देशों के साथ सहयोग मजबूत करने की कोशिश करेगा।अमेरिका दौरे के आखिरी चरण में वित्त मंत्री न्यूयॉर्क जाएंगी, जहां निवेशकों और वित्तीय क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगी। इस दौरान NASDAQ में बेल-रिंगिंग समारोह में भी शामिल होंगी।

गौरतलब है कि वित्त मंत्री 25 अगस्त से कनाडा और अमेरिका के नौ दिवसीय दौरे पर हैं। कनाडा में उन्होंने भारत-कनाडा आर्थिक और वित्तीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।

कनाडा में भारत-कनाडा के बीच यह पहली द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय वार्ता थी जिसमें दोनों देशों ने निवेश, वित्तीय क्षेत्र, ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई अहम मुद्दों पर बातचीत की। FILE PHOTO

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।