अमित शाह की अध्यक्षता में दक्षिणी राज्यों की अहम बैठक

अगस्त 18, नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को तमिलनाडु पहुंचेंगे, जहां 19 और 20 अगस्त को दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक होगी। लंबे अंतराल के बाद तमिलनाडु में होने वाली यह बैठक केंद्र और दक्षिणी राज्यों के बीच समन्वय के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों के साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के भी शामिल होने की संभावना है। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इस बैठक का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि कावेरी नदी के जल बंटवारे और मेकेदातू बांध को लेकर तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच तनाव बना हुआ है। ऐसे में अंतरराज्यीय नदी जल विवाद बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकता है। इसके अलावा केंद्र-राज्य संबंध, अंतरराज्यीय सीमा विवाद, नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान, समुद्री सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
फोटो- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)