अमित शाह ने सरोवर का लोकार्पण किया, जल संरक्षण पर जोर

अगस्त 27, नई दिल्ली: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को गुजरात दौरे की शुरुआत अमरेली जिले से की। उन्होंने दुधाला गांव में नवनिर्मित 'गुजरात गौरव सरोवर' का लोकार्पण किया और जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
धोलकिया फाउंडेशन की ओर से गागड़ियो नदी पर बनाए गए इस सरोवर से क्षेत्र में जल उपलब्धता बढ़ने और भूजल स्तर में सुधार की उम्मीद जताई गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अमरेली क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए धोलकिया फाउंडेशन ने अद्भुत कार्य किया है।उन्होंने कहा कि बारिश की हर बूंद को संरक्षित कर भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सकता है। दुधाला में बना यह सरोवर आने वाले समय में आसपास के इलाकों के लिए जल संरक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात ने जल संकट से बाहर निकलकर नई पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1985 से 1987 तक गुजरात ने भीषण सूखे का सामना किया था, लेकिन वर्ष 2001 में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री बनने के बाद जल प्रबंधन के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए और आज गुजरात में सूखा अतीत की बात हो गया है।अमित शाह ने कहा कि सौनी योजना के माध्यम से सौराष्ट्र और कच्छ तक नर्मदा का पानी पहुंचाया गया, जबकि सुजलाम सुफलाम योजना से उत्तर गुजरात के क्षेत्रों को लाभ मिला।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जल शक्ति मंत्रालय की स्थापना की गई और जनभागीदारी से तालाबों के गहरीकरण तथा सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए गए।
उन्होंने पद्म पुरस्कारों का भी जिक्र करते हुए कहा कि ये सम्मान उन लोगों को दिए जाते हैं, जो बिना किसी प्रसिद्धि की इच्छा के समाज और जरूरतमंदों की सेवा में अपना जीवन समर्पित करते हैं। फोटो- लोकार्पण करते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाहसोर्स - एक्स (Amit Shah)