अपराध

अमोलपठा शराब दुकान उपद्रव मामले में 15 आरोपी गिरफ्तार, 25 नामजद सहित 50-60 पर FIR

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 11 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अमोलपठा शराब दुकान उपद्रव मामले में 15 आरोपी गिरफ्तार, 25 नामजद सहित 50-60 पर FIR

शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त दंडात्मक कार्रवाई, फरार आरोपियों की तलाश जारी

शिवपुरी। जिले के करैरा अनुविभाग अंतर्गत ग्राम अमोलपठा स्थित कंपोजिट लाइसेंसी शराब दुकान पर 10 सितंबर को हुए उपद्रव, तोड़फोड़, मारपीट, आगजनी एवं शासकीय कार्य में व्यवधान के मामले में पुलिस एवं प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन के अनुसार मामले में 25 नामजद सहित करीब 50-60 अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। कार्रवाई के दौरान अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है।

प्रशासन के मुताबिक घटना के बाद कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा त्वरित एवं सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई। अमोला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 0213/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

25 नामजद, 50-60 अन्य पर भी कार्रवाई

प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार प्रकरण में छोटेराजा गुर्जर, दुश्चंत परमार, कमल सिंह गुर्जर, दीवान सिंह बघेल, मच्छखन नामदेव, राहुल जाटव, शंकर जाटव, अजय जाटव, राहुल खटीक, अज्जू उर्फ अजय बाल्मीकि, राहुल बाल्मीकि, मुस्कान बाल्मीकि, रीना बाल्मीकि, राजेश खटीक, धर्मेन्द्र खटीक, ललितया आदिवासी, कबीर आदिवासी, दीपक शंकर, भूला नामदेव, मलखान जाटव, संजय शंकर, दीपक मेहतर, कालिया मेहतर, राजू जाटव एवं शंकर जाटव सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

प्रशासन के अनुसार 50-60 अन्य अज्ञात महिला-पुरुषों के विरुद्ध भी नामजद आरोपियों के साथ प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विवेचना की जा रही है। पुलिस कार्रवाई में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान जारी

जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध मदिरा के भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने अथवा किसी भी प्रकार के उपद्रव में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

प्रशासन की नागरिकों से अपील

प्रशासन ने अपील की है कि जिले में अवैध मदिरा के भंडारण एवं विक्रय की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7987956573 पर व्हाट्सऐप संदेश, घटनास्थल की फोटो या वीडियो भेजकर जानकारी दी जा सकती है। इसके अलावा संबंधित थाना प्रभारी अथवा अनुविभागीय दंडाधिकारी के पास भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी से बचने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट जानकारी का प्रसार नहीं करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार किसी भी खबर को प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि करना आवश्यक है। भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट एवं अन्य संबंधित कानूनों के तहत वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शराब या किसी अन्य मुद्दे को लेकर शिकायत होने पर कानून हाथ में लेने के बजाय निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से शिकायत करें। अमोलपठा मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं