अंबेडकरनगर में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क:जिले में अभी तक कोई मामला नहीं, मरीजों की निगरानी बढ़ी
प्रदेश के कई जिलों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद अंबेडकरनगर का स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। हालांकि, जिले में अभी तक स्वाइन फ्लू का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। मौसम में बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में आने वाले मरीजों की निगरानी बढ़ा दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) प्रमोद कुमार ने बताया कि बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस संबंधी दिक्कतों वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है।
ऐसे मरीजों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और चिकित्सकों को स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों वाले मरीजों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि फिलहाल शासन स्तर से मिलने वाले दिशा-निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
निर्देश प्राप्त होते ही अस्पतालों में जांच और उपचार से संबंधित तैयारियां तेज कर दी जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में फिलहाल स्वाइन फ्लू को लेकर कोई विशेष अभियान शुरू नहीं किया गया है, लेकिन संभावित स्थिति को देखते हुए विभाग सतर्क है।
स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, सिरदर्द और कमजोरी शामिल हैं। सांस लेने में परेशानी होने या मरीज की हालत बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की है।
हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और खांसी-जुकाम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने पर जोर दिया गया है। किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लेने की सलाह भी दी गई है।
📡 स्रोत: NewsData.io