खेल

अनिरुद्ध सिंह ने मेहली में नए पंचायत सामुदायिक घर का लोकार्पण, स्कूल में किया हर्बल गार्डन का उद्घाटन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अनिरुद्ध सिंह ने मेहली में नए पंचायत सामुदायिक घर का लोकार्पण, स्कूल में किया हर्बल गार्डन का उद्घाटन

पंचायत घरों में रखी जाती है ग्रामीण अर्थव्यवस्था की नींव: अनिरुद्ध सिंह

अनिरुद्ध सिंह ने मेहली में नए पंचायत सामुदायिक घर का लोकार्पण, स्कूल में किया हर्बल गार्डन का उद्घाटन

सितंबर 25, शिमला (हिमाचल प्रदेश): ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकास की नींव पंचायत घरों से रखी जाती है, इसलिए पंचायतों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना सरकार की प्राथमिकता है। अनिरुद्ध सिंह ने आज मेहली पंचायत के नए पंचायत सामुदायिक घर का लोकार्पण किया।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेहली में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर हर्बल गार्डन का उद्घाटन भी किया। इस दौरान उन्होंने घोरपा से शिलडी सड़क का शिलान्यास भी किया। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि 01 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए पंचायत भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।

भवन में पंचायत सम्मेलन कक्ष, पुस्तकालय, प्रधान एवं पंचायत सचिव के कार्यालय, ग्राम रोजगार सेवक (जीआरएस) कक्ष, रसोईघर और शौचालय सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इसी प्रकार के नए पंचायत भवनों का निर्माण किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां नए पंचायत भवनों का डिजाइन एक समान रखा गया है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेहली पंचायत में पिछले दो वर्षों के दौरान लगभग 50 लाख रुपये विकास कार्यों पर व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल्द ही बहुउद्देशीय पार्किंग सुविधा से युक्त भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की भी सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि क्षेत्र में एक बड़े खेल मैदान के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और आगामी समय में इसे विकसित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है इसलिए युवाओं को स्वरोजगार के साधन विकसित करने चाहिए।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक प्रदेश के 150 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड के तहत मान्यता दी गई है। उन्होंने मेहली स्कूल के निर्माणाधीन भवन में चार नए शौचालय बनाने की घोषणा की।

साथ ही, स्कूल में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेहली में हर्बल गार्डन का उद्घाटन किया। हर्बल गार्डन के माध्यम से विद्यार्थियों को औषधीय पौधों एवं उनके महत्व की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

एपीएमसी किन्नौर एवं शिमला के अध्यक्ष देवानंद वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों से कोई समझौता नहीं करती है। उन्होंने कहा कि मेहली क्षेत्र में अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राथमिक विद्यालयों को स्तरुन्नत कर जमा दो स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया है।

प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मशोबरा अंकित कोटिया, जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर, उप निदेशक उच्च शिक्षा लेखराज भारद्वाज, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा निशा बलूनी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेहली की प्रधानाचार्य सुमन चंदेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसुम्पटी अध्यक्ष अशोक ठाकुर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम कृष्ण शांडिल, भूपेंद्र कंवर, राम भज राणा, पंचायत प्रधान मेहली टेक चंद ठाकुर, उप प्रधान विजय सिंह ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष तारा चंद ठाकुर, बीडीसी सदस्य कुलदीप शर्मा, नगर निगम शिमला के पार्षद नरेंद्र ठाकुर, पार्षद विशाखा मोदी, पार्षद शांता वर्मा, डिप्टी एडवोकेट जनरल बलविन्द्र, उप प्रधान संजीव ठाकुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।