राज्य

अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर त्रिशा बीएड कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर त्रिशा बीएड कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अक्तूबर 13, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): मेरा युवा भारत (MY Bharat), हमीरपुर द्वारा 13 अक्तूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर त्रिशा बीएड कॉलेज, जोलसप्पड़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों तथा आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में होमगार्ड एवं अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस दौरान विद्यार्थियों को आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों, बचाव के उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के महत्व के बारे में बताया गया।

इस अवसर पर होमगार्ड के कंपनी कमांडर अशोक रांगड़ा, प्लाटून कमांडर पवन कुमार, अग्निशमन विभाग के लीडिंग फायरमैन रामानंद तथा फायरमैन देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को आपदा के दौरान सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी उपायों को अपनाने के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कॉलेज की प्रधानाचार्य पूनम भारद्वाज रहीं। उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को आपदा के समय धैर्य एवं सतर्कता बनाए रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

मेरा युवा भारत, हमीरपुर द्वारा युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।