खेल

अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं और कोच का सम्मान:नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने किया सम्मानित, नालंदा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन को मिला बेस्ट अवॉर्ड

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं और कोच का सम्मान:नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने किया सम्मानित, नालंदा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन को मिला बेस्ट अवॉर्ड

पटना में आयोजित 'बिहार स्पोर्ट्स अवॉर्ड 2026' समारोह में नालंदा के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर बिहार का परचम लहराने वाले खिलाड़ियों को इस मंच पर सम्मानित किए जाने से पूरे खेल जगत में भारी उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने किया। इस दौरान चर्चित शिक्षक खान सर, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के महासचिव जयवंत जीएच, अंतरराष्ट्रीय कवि दिनेश बावरा, खेल विभाग के महासचिव रविंद्रन शंकरण और राज्यसभा सांसद संजय यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

खेल आयोग के गठन की मांग समारोह को संबोधित करते हुए तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। अगर खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बुनियादी सुविधाएं और सही मंच मुहैया कराया जाए, तो वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का मान बढ़ाएंगे।

खिलाड़ियों को एकजुट होकर सरकार से अलग खेल मंत्रालय और खेल आयोग के गठन की मांग करनी चाहिए। पैरालंपिक कमेटी के महासचिव जयवंत जीएच ने भी पैरा खिलाड़ियों के अदम्य साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके हौसले को सम्मान और निरंतर प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है।

जिले के खिलाड़ियों का सम्मान समारोह में नालंदा के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय फलक पर चमकने वाले दिग्गजों का दबदबा रहा।

मंच पर एशियन गोल्ड मेडलिस्ट शैलेश कुमार, कॉमनवेल्थ ब्रॉन्ज मेडलिस्ट झंडू कुमार, कॉमनवेल्थ स्वर्ण पदक विजेता सोमन राणा, वर्ल्ड चैंपियनशिप के हिमांशु यादव, प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार विजेता गोल्डी कुमारी, पद्मश्री एवं खेल रत्न से नवाजे गए प्रमोद भगत, डेफ ओलंपिक खिलाड़ी अनुपम कुमार और एशियन गेम्स प्रतिभागी अरबाज अंसारी की उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहा गया।

इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अंकित कुमार, सार्थक राज, अनीता, सौम्य शरद चंद और उज्ज्वल को भी पुरस्कृत किया गया।

खिलाड़ियों को तराशने वाले प्रशिक्षकों और बैकएंड टीम का हौसला बढ़ाते हुए कोच गोपाल कुमार, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के विनय कुमार तथा तकनीकी अधिकारी रवि कुमार, प्रमोद कुमार, सतनाम कबीर, ओमप्रकाश और विकास कुमार को भी सम्मानित किया गया।

वहीं पैरा खेलों के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए नालंदा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन को बेस्ट अवॉर्ड से नवाजा गया, जिसे संस्था के अध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार सिंहा ने ग्रहण किया। खिलाड़ियों ने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की नई ऊर्जा देगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा, सचिव संदीप कुमार, कुंदन कुमार पांडेय और हृदय यादव ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को पहचान दिलाना है। समारोह के दौरान विशेष बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक नृत्य ने सभी अतिथियों का दिल जीत लिया।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।