अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर प्रदेश के शतायु मतदाताओं का सम्मान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 1 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को निर्वाचन विभाग की ओर से प्रदेशभर में 100 वर्ष या इससे अधिक आयु के मतदाताओं का सम्मान किया जा रहा है। इस दौरान शतायु मतदाताओं के घर पहुंचकर उन्हें माला पहनाई जा रही है और शुभकामना एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं।
प्रदेश में शतायु मतदाताओं की संख्या 17 हजार से अधिक है। निर्वाचन विभाग की ओर से जयपुर, डीग, सिरोही, नागौर और पाली सहित विभिन्न जिलों में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए। पाली में उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में शतायु मतदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ मतदाताओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। इस अवसर पर बीएलओ, सुपरवाइजर, ग्राम पटवारी और अन्य अधिकारियों ने घर-घर जाकर शतायु मतदाताओं को सम्मानित किया। अधिकारियों ने उन्हें मतदान के अधिकार और दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।