अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की तीसरी सांस्कृतिक संध्या रही पंजाबी गायक काका नाम
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 24, कुल्लू (हिमाचल प्रदेश): अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध पंजाबी गायक काका ने खूब धमाल मचाया l इसके अलावा कुमार साहिल व अजय चौहान ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया l इसके अलावा देश व प्रदेश के विभिन्न भागों से आए कलाकारों ने भी अपने-अपने कार्यक्रम पेश किए l इस संध्या में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे l इससे पूर्व उन्होंने रघुनाथजी के अस्थाई कैम्प जाकर शीश नवाया व भगवान का आशीर्वाद लिया l इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दुशहरे उत्सव देव महाकुंभ में भगवान रघुनाथ और समस्त देवी-देवताओं के दर्शन करने का अवसर मिलता है l उन्होंने कहा कि भगवान रघुनाथ में हमारी अटूट आस्था है और भगवान रघुनाथ समेत समस्त देवी देवताओ का आशीर्वाद हम पर बना रहे और इसी तरह देव संस्कृति और लोक संस्कृति आगे बढ़ती रहेl उन्होंने कहा की कुल्लू मनाली में विकास की दृष्टि से सरकार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है और आने वाले समय में लोगों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता हैl उन्होंने कहा कि कुल्लू मनाली और बंजार,आनी विधानसभा क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपए से सड़कों का विस्तारीकरण हो रहा है और आने वाले समय में लोगों को बेहतर यातायात की सुविधा मिलेगी।
आज शाम को होने वाली चौथी सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध हिमाचली लोक गायक कुलदीप शर्मा, तत्त्वा बैंड और पुलिस बैंड ‘फीट ऑफ फायर’ अपनी प्रस्तुतियां देंगे l